
उदयपुर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को बारां फला, लखमान क्षेत्र के ग्रामीण और पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर पहुंचे। पीड़ित नन्दलाल मीणा ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि 5 अगस्त की सुबह करीब साढ़े सात बजे उनका बेटा आशिष सहित कई बच्चे स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और लाठी, लोहे के पाइप, पत्थरों, धारदार हथियारों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। ज्ञापन में बताया कि बच्चों की चीख-पुकार सुनकर हिम्मत मीणा, प्रेमचंद मीणा, ओमप्रकाश मीणा और सुशील मीणा बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की कोशिश की गई। इस हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित परिवार का कहना है कि मुख्य आरोपी नाना ने बच्चों को रास्ते में रोककर जमीन को लेकर विवाद किया और रोहित नाम के छात्र के साथ मारपीट की इस मारपीट में रोहित के सिर पर चार टांके आए, आशिष के सिर पर छह टांके लगे, जबकि बादल के हाथ में गंभीर चोट आने से फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की रिपोर्ट टीड़ी थाने में दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि पुलिस कुछ नामजद आरोपियों को थाने लेकर आई, लेकिन मुख्य आरोपी नाना को छोड़ दिया गया। परिवार का कहना है कि आरोपी अब गांव में खुलेआम घूमकर लोगों में डर का माहौल बना रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है। इसी को लेकर पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
06 Aug 2026